क्राकोव में जो कई साल वीटोल्ड वॉयटक्यायवीच ने बिताए उनमे से काफ़ी समय उन्होंने स्टानिस्लाव और एलिज़ा पारेंस्की के घर बिताया। वहाँ वह उनकी बेटियां: मारिना, ज़ोफ़िया, और एलिज़ा (जिन्हें परिवार में लीज़ा के नामे से बुलाया जाता था) से भी मिले. बुद्धिमती, बहुपठित, और कुछ हद तक विचित्र, यह बहनें, कलात्मक परिवेश यंग पोलैंड की प्रेरक बन गईं और साहित्य तथा चित्रकला में अमर हो गईं।
लीज़ा पारेंस्की स्वयं नाज़ुक और परेशान व्यक्तित्व की थीं। शर्मीली, संवेदनशील और भावुक, वह युवा आयु से ही सामाजिक चिंता से झूझती रहीं और इसका सामना करने के लिए मदिरा एवं मॉर्फिन का इस्तेमाल करती रहीं। 1910 में कवि एडवर्ड लेश्चिंस्की से उनका विवाह हुआ; वह दोनों ही मनोवैज्ञानिक रूप से कमजोर थे और कलात्मक संवेदनशीलता की असाधारण और पृथक दुनिया में मगन रहते थे। समय के चलते, लीज़ा ने और भी मज़बूत ड्रग का इस्तेमाल करना शुरू किया जिसने उनकी चिंता और उदासी को और भी गहरा बना दिया। 35 साल की आयु में उन्होंने आत्महत्या कर ली।
इस चित्र पोर्ट्रेट ऑफ़ लीज़ा पारेंस्का में, वॉयटक्यायवीच अपना काव्यात्मक और सुग्राही भाग दिखाते हैं। आम तौर पर उस दौर की उनकी कृतियों में पाए जाने वाले व्यंग्य तथा विचित्र रंग इस चित्र में देखने को नहीं मिलते हैं। हालांकि लीज़ा को सभी बहनों में सबसे सुंदर माना जाता था, यह पोर्ट्रेट आदर्शीकरण से दूरी बनाए रखता है। उनका चेहरा परंपरागत ढंग से सुंदर दिखने की बजाय रहस्यमय प्रतीत होता है और उसमे उदासी और आत्म मंथन की एक शांत झलक दिखाई देती है। उनकी नज़र दर्शक से हटती हुई दिखाई देती हैं और इसके चलते आत्मा लीनता का भाव महसूस होता है, जैसे वह स्वयं अपनी ही दुनिया में मगन हों।
चित्र में प्रकाश का इस्तेमाल इस भाव को और तीव्र कर देता है: दाईं ओर से आती लैंप की नर्म चमक उनकी गर्दन और उनके बालों में लगे फूलों को प्रकाशयुक्त करता है, वहीं उनके चेहरे का दूसरा हिस्सा छाया में रहता है। चित्र का नियंत्रित एवं काव्यात्मक भाव पीले, लाल और नारंगी रंगों की पटिया से प्रबलित होता है। इन गर्म रंगों के बीच उनकी सफेद ड्रेस अलग नज़र आती है, जो गुलाबी, नीले और बैंगनी रंग के सूक्ष्म संकेतों से जगमगाती है। अस्पष्ट तरीके से अंकित परिप्रेक्ष्य के कारण सारा ध्यान बैठने वाले के चेहरे पर केंद्रित होता है, जिसे प्रकाश और सुग्राही ब्रशस्ट्रोक्स के इस्तेमाल से आकार दिया गया है। उनके बाल ऊँचे जूड़े में गूंथकर गुलाब के फूलों से सजे हुए हैं, जो इस 18 वर्षीय कन्या को मोहकता एवं एक शांत गरिमा प्रदान करता है और उनकी आलौकिक नारीत्व पर ज़ोर देता है।
पुनश्च - यंग पोलैंड, पोलिश कला इतिहास के सबसे रचनात्मक दौर में से एक था। मिलिए पोलैंड के आर्ट नुवो जीनियस स्टानिस्लाव विस्पियन्स्की से!