हार्लम पुनर्जागरण के दौरान (जो 1920 के दशक से लेकर 1930 के दशक में अफ्रीकी अमेरिकी सांस्कृतिक, सामाजिक और कला की वृद्धि का दौर था जिसका केंद्र हार्लम, न्यू यॉर्क था ) अपने अन्य समकालीन कलाकारों की तरह मालवीन ग्रे जॉनसन का न्यू यॉर्क जाना बेहद परिवर्तनकारी साबित हुआ। कुछ समय के लिए उन्होंने नेशनल अकादमी ऑफ़ डिज़ाइन में अपना नामांकन किया लेकिन फिर उनकी भरती, पहले विश्व युद्ध में हो गई। सेना में सेवा करने के बाद, 1923 में वह फिर से अकादमी लौटे और न्यू यॉर्क में हार्लम पुनर्जागरण के चरम दौर में ख़ुद को दोबारा स्थापित किया। उनकी वापसी ऐसे समय पर हुई, जब अश्वेत कलाकारों को संस्थागत समर्थन मिलने लगा था, ख़ासकर हार्मन फाउंडेशन से। 1928 में, इस संस्था ने जॉनसन को उनके चित्र स्विंग लो, स्वीट चैरियट के लिए पुरस्कार दिया।
जॉनसन की कृतियाँ, जो शुरुआती दौर में शास्त्रीय कला की शैली में थी, समय के चलते एक आधुनिक दृष्टिकोण की ओर मुड़ने लगीं। यह कृतियाँ अफ़्रीकी मूर्तिकला, धनवाद, और उत्तर प्रभाववाद से प्रभावित नज़र आईं। माना जाता है कि यह प्रभाव उन्हें अपनी शिक्षा के दौरान मिला। समय के चलते जैसे-जैसे उनकी कला विकसित हुई, जॉनसन रंग और प्रकाश का, बिना किसी झिझक के परिसक्षण करने लगे, जिसकी वजह से कला आलोचकों ने उनके उत्तरकालीन रचनाओं को "सिंबॉलिक एब्सट्रैक्शन" का रूप बताया। उनकी शैली में बदलाव के बावजूद, पोट्रेट और आध्यात्मिक भावनाओं से जुड़ी कृतियों की ओर उनकी दिलचस्पी बरकरार रही।
जॉनसन की बढ़ती प्रतिष्ठा के कारण मुख्य संस्थाओं का ध्यान उनकी ओर गया। 1932 में, व्हिटनी म्यूजियम ऑफ़ अमेरिकी आर्ट ने उनकी बनाई नेग्रेस को अधिगृहीत किया, और इसी दौरान म्यूजिकल आर्ट फोरम ऑफ़ ऑरेंज, न्यू जर्सी ने भी उनकी कई कृतियाँ ख़रीदी। जैसे ही उनका करियर रफ़्तार पकड़ने लगा, एक दुखद घटना में उनके जीवन का अंत हो गया। अपनी मृत्यु से कुछ ही समय पहले, अफ़्रीकी अमेरिकी लोगों की रोज़मर्रा जीवन और दक्षिणी परिदृश्य चित्रित करने, जॉनसन वर्जीनिया गए। इसके कुछ ही दिन बाद हॉर्ट फेलियर कि वजह से उनकी मृत्यु हो गई। अपनी मृत्यु के समय वह केवल 38 वर्ष के थे।
पुनश्च - हार्लम पुनर्जागरण के मुमकिन होने के पीछे ग्रेट माइग्रेशन यानी बड़े पलायन का हाथ है, जिसके चलते लाखों अफ़्रीकी अमेरिकी, दक्षिण के ग्रामीण इलाके छोड़, उत्तर अमेरिकी उद्योग में काम करने आए। इस अनुभव की एक बेहद भावुक झलक देखें— जैकब लॉरेंस की द माइग्रेशन सिरीज़ में।