मिरांडा—द टेम्पेस्ट by John William Waterhouse - 1916 - 100.4 x 137.8 से.मी. मिरांडा—द टेम्पेस्ट by John William Waterhouse - 1916 - 100.4 x 137.8 से.मी.

मिरांडा—द टेम्पेस्ट

कैनवास पर तेल • 100.4 x 137.8 से.मी.

  • John William Waterhouse - April 6, 1849 - February 10, 1917 John William Waterhouse

    1916

1916 में, जॉन विलियम वॉटरहाउस ने रॉयल अकादमी में तीन कृतियाँ प्रदर्शित करीं: अ टेल फ्रॉम द डिकैमरोन; "आई एम हाफ-सिक ऑफ़ शैडोज़," सेड द लेडी ऑफ़ शैलट; और मिरांडा—द टेम्पेस्ट। अपने करियर के अंतिम पड़ाव में, वॉटरहाउस अपने शुरुआती चित्रों के शास्त्रीय कथाओं से काफ़ी दूर जा चुके थे और मध्यकालीन तथा पुनर्जागरण साहित्य की कहानियों की ओर रूख कर चुके थे, जहाँ वह अक्सर महिलाओं को रहस्योद्घाटन, खतरे एवं परिवर्तन के क्षणों में चित्रित करते थे। पहले विश्व युद्ध के दौरान, ब्रिटेन के साहित्यिक अतीत में यह रुचि राष्ट्रीय विषयों के व्यापक पुनर्स्थान के साथ भी जुड़ गई थी। इसमें आर्थर की पौराणिक कथाएँ और शेक्सपियर की रचनाओं ने विशेष स्थान पाया। 

आज के चित्र के लिए, वॉटरहाउस शेक्सपियर द्वारा 1611 में लिखी द टेम्पेस्ट  को चुनते हैं। यह चित्र इस नाटक के सबसे प्रभावशाली शुरुआती क्षणों में से एक को दर्शाता हैं। मिरांडा बेबस होकर भयंकर तूफ़ान को एक जहाज़ को अपने चपेट में लेते देखती है, इस बात से अनजान कि उस जहाज़ में फ़र्डिनांड भी सवार है, वह व्यक्ति जिससे मिरांडा को आगे चलकर प्रेम हो जाएगा। यह तूफ़ान उसके जादूगर पिता, प्रोस्पेरो द्वारा रचा गया है। यह उस योजना का हिस्सा है, जिसके माध्यम से वह उन लोगों से बदला लेना चाहते हैं, जो उन्हें इस द्वीप पर निर्वासित करने के लिए ज़िम्मेदार हैं। अपनी नज़रों के सामने घटते विनाश को देख, मिरांडा अपने पिता से इसे रोकने की विनती करती है। वह इस बात की घोषणा करती है कि यदि उसके पास ऐसी शक्तियाँ होती तो वह समुद्र को पृथ्वी में समा देना अधिक पसंद करती, बजाय इसके कि समुद्र, उस जहाज़ को निगल जाए। 

वॉटरहाउस इस पूरे नाटकीय प्रसंग को मिरांडा के शरीर पर केंद्रित करते हैं। वह तेज हवा के सामने ख़ुद को संभालने का प्रयास करती है, उसके सुनहरे भूरे बाल और उसकी भारी पोशाक हवा के कारण पीछे की ओर उड़ रही है, जहाँ उसका एक हाथ उसकी छाती पर टिका है। उसका चेहरा आंशिक रूप से छिपा हुआ है, जो हमारा ध्यान उसके सामने घट रही इस आपदा के प्रति उसकी शारीरिक प्रतिक्रिया पर केंद्रित करती है। उसके चारों ओर गहरे नीले रंग की लहरें तट से टकरा रही है और वहीं पानी के बीच टूटे जहाज़ के टुकड़े भी दिखाई देते हैं। 

मिरांडा, दरअसल वॉटरहाउस की उन रहस्यमयी साहित्यिक नायिकाओं की लंबी शृंखला का हिस्सा है, जिनमे लेडी ऑफ़ शैलट, जलपरियाँ और समुद्री मोहिनी शामिल हैं, जिनकी कहानियाँ जादू और इच्छाओं के इर्द-गिर्द बुनी गईं हैं। फिर भी, मिरांडा इन सभी के बीच असामान्य हैं, क्योंकि उसकी कहानी का अंत सुखद होता है। जिस जहाज़ के डूबने से उसका भविष्य खतरे में दिखता है, वही दुर्घटना वास्तव में फ़र्डिनांड को उसके जीवन में ले आती है। 

पुनश्च - क्या आप ब्लैक फ्राइडे के लिए तैयार हैं? यह अब DailyArt शॉप और हमारे विभिन्न कोर्स पर चालू है! कलात्मक उपहारों एवं कोर्स पर 25% की छूट पाएँ, लेकिन ज़्यादा देर ना करें। कुछ पसंदीदा चीज़ें क्रिसमस से पहले शायद दोबारा ना मिल पाएँ, इसलिए सेल का लाभ अभी उठाएँ!

पुनः पुनश्च - शेक्सपियर के नाटकों ने कला की कई अविस्मरणीय कृतियों को प्रेरित किया है। देखिए कि चित्रकारों ने उनके सबसे प्रसिद्ध दृश्यों एवं पात्रों को कैनवास पर कैसे जीवंत किया।